क्या है विशाल भारद्वाज के“चार्ली चोपड़ा एंड दि मिस्ट्री ऑफ सोलोंग वैली” का रहस्य ?

आलोक नंदन शर्मा, मुंबई। फिल्म निर्देशक विशाल भारद्वाज को अंग्रेजी साहित्य की किताबों की कहानियों पर हिन्दी फिल्म बनाने में महारत हासिल है। अपनी फिल्म के लिए वह अंग्रेजी किताबों का बैकग्राउंड भी पूरी तरह से बदल देते हैं और चरित्रों को भी नये शेड में ढाल देते हैं। यहां तक कि किरदारों के संवाद और हावभाव का भी पूरी तरह से स्थानीयकरण कर देते हैं। लोकल टोन के साथ उनके किरदार सहजता से लोगों से जुड़ जाते हैं। इसके साथ ही गीत और संगीत पर भी वह अपनी मजबूत पकड़ बनाये रखते हैं। “मकबूल” और “ओमकारा” जैसी फिल्म का निर्माण उन्होंने शेक्सपीयर के मशहूर नाटक “मैकबेथ” और “ओथेलो” को आधार बना कर किया था। शेक्सपीयर के किरदारों की परिस्थिति और मनोविज्ञान भारतीय परिवेश में ढालने में वह पूरी तरह कामयाब हुए थे। उनकी इन फिल्मों को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। एक बार फिर वह इसी तरह की प्रयोग करने जा रहे हैं, लेकिन इस बार उनका यह प्रयोग ओटीटी प्लेटफॉर्म पर होगा। और इस काम के लिए जिस किताब को वह आधार बना रहे है उसका नाम है ‘द सिट्टाफोर्ड मिस्ट्री’।
‘द सिट्टाफोर्ड मिस्ट्री’ ब्रिटिश लेखिका अगाथा क्रिस्टी द्वारा लिखा गया एक एक मर्डर मिस्ट्री वाला उपन्यास है। इसका प्रकाशन पहली बार 1931 में “दि मर्डर एट हैजेलमूर” के नाम से अमेरिका में हुआ था। बाद में इसका प्रकाशन ब्रिटेन से भी हुआ था। इस किताब में एक हिल स्टेशन की कहानी है, जहां पर व्यक्ति की हत्या हो जाती है। और फिर उस हत्या के पड़ताल के दौरान तमाम किरदारों के साथ साथ पाठकों के सामने भी रहस्य और रोमांच की एक दुनिया खुलती चली जाती है।
ओटीटी प्लेटफार्म पर दिखाये जाने वाले विशाल भारद्वाज की इस सीरिज का नाम “चार्ली चोपड़ा एंड  दि मिस्ट्री ऑफ सोलोंग वैली” है। इसका प्रसारण सोनी लाइव पर किया जाएगा। इस सीरिज को खासतौर से हिमाचल प्रदेश की वादियों में फिल्माने की तैयारी है। इस सीरीज में वामिका गब्बी, प्रियांशु पेंयुली, नसीरुद्दीन शाह, नीना गुप्ता, रत्ना पाठक शाह, गुलशन ग्रोवर, लारा दत्ता, चंदन रॉय सान्याल और पाओली डैम महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। विशाल भारद्वाज इस सीरीज के डायरेक्टर भी है और को-प्रोड्यूसर भी। वह अंजुम राजाबली और ज्योतषणा हरिहरण के साथ मिल करके इसका स्क्रीन प्ले पर भी काम कर रहे हैं। इस नये वेंचर के मुतालिक एक सवाल के जवाब में विशाल भारद्वाज ने कहा है कि मैं अगास्था क्रिस्टी की रहस्ममयी कहानियों को पढ़ते हुए ही बड़ा हुआ हुआ हूं। उनके प्लॉट, किरदार और सेटिंग अदभुत होते हैं। आज भी कहानीकारों को उत्तेजित करते हैं।
उन्होंने आगे कहा है कि अगाथा क्रिस्टी के पड़पोते जेम्स प्रिचर्ड के साथ काम करना एक शानदार यात्रा की तरह है। वह हमेशा हमारी टीम के लिए अद्वितीय दृष्टिकोण लेकर आए। ओटीटी और प्रीति साहनी इस रोमांचकारी और रहस्यमयी दुनिया को अपनाने के लिए मेरे लिए आदर्श भागीदार रहे हैं। सौगत मुखर्जी, हेड कंटेंट ओटीटी ने कहा कि वे भारद्वाज के साथ ‘द सिट्टाफोर्ड मिस्ट्री’ को अपनाने के लिए रोमांचित हैं।
अगाथा क्रिस्टी लिमिटेड के सीईओ जेम्स प्राइसहार्ड ने कहा कि वह इस बात से उत्साहित हैं कि भारत में उनकी दादी क्रिस्टी के फैंस के पास अब ‘द सिट्टाफोर्ड मिस्ट्री’ का अपना वर्जन होगा। मेरी परदादी के भारत में कई फैन हैं।