दीपिका पादुकोन ऑस्कर्स में मचाएंगी धमाल

मुंबई। भारतीय फिल्म अभिनेत्री दीपिका पादुकोन के सितारे इस वक्त बुलंद चल रहे हैं। शाहरुख खान के साथ फिल्म “पठान” की शानदार सफलता के बाद अब उन्हें ऑस्कर्स की प्रेजेंटर की भी भूमिका मिल रही है। जी हां, साल 2023 में 13 मार्च को होने वाले ऑस्कर्स में दीपिका पादुकोन कार्यक्रम को संचालित करते हुए नजर आएंगी। यह दीपिका पादुकोन के साथ साथ भारत के लिए भी गर्व की बात है। ‘छेल्लो शो’ और “आरआरआर” का “नाटू नाटू” गाना पहले ही ऑस्कर्स में नामित हो चुका है। अब संचालिका की भूमिका में दीपिका पादुकोन का ऑस्कर्स से जुड़ना निश्चिततौर पर भारत के सिने प्रेमियों का मजा दुगुना कर देगा।

ऑस्कर्स से संचालिका के रूप में जुड़ने की जानकारी दीपिका पादुकोन ने इंस्टाग्राम पर शेयर किये एक पोस्ट के जरिये दी है। उन्होंने कहा है कि उनके अलावा ऑस्कर्स 2023 में इवेन जॉनसन, माइकल बी जार्डन, जेनिफर कोनली, सैम्युल एल जैक्सन, मेलिका मेक्कार्थी, जो सलदाना, जोनाथन मेजर्स, क्वेस्टल और डोनी येन उनके साथ प्रेजेंटर के तौर पर नजर आएंगे। इसके अलावा रिज अहमद, एमिली ब्लंट, ग्लोन क्लोज और एरियाना डीबोस प्रेजेंटर की भूमिका में होंगे। ऑस्कर्स में जगह मिलने से दीपिका काफी खुश हैं। इस खबर सुनकर दीपका के फैन्स भी काफी उत्साहित हैं।