दिल का दौरा पड़ने से फिल्म अभिनेता सतीश कौशिक का निधन, मुंबई के वार्सोवा मे होगा अंतिम संस्कार

मुंबई। फिल्म अदाकार, निर्माता और निर्देशक सतीश कौशिक का आज निधन हो गया। इसकी जानकारी उनके मित्र और फिल्म अभिनेता अनुपम खेर ने ट्वीट के जरिये दिया। इसके बाद फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गयी। जानकारी के मुताबिक सतीश कौशिक को तड़के सुबह एनसीआर में दिल का दौरा था। वह अपने दोस्त के साथ होली मनाने के लिए दिल्ली आये थे। यहीं पर उन्हें दिल का दौरा पड़ा और फिर उन्हें गुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर उनकी मौत हो गई। उनका अंतिम संस्कार मुंबई के वार्सोवा मे होगा। उनके शव दिल्ली से मुंबई लाया जा रहा है।

सतीश कौशिक के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए सबसे पहले अनुपम खेर ने अपने ट्वीट में लिखा कि जानता हूं मृत्यु ही इस दुनिया का अंतिम सच है। पर ये बात मैं जीते जी अपने जिगरी दोस्त सतीश कौशिक के लिए कभी नहीं लिखूंगा। यह मैंने कभी भी सपने में भी नहीं सोचा था कि 45 साल की दोस्ती पर अचानक ऐसे विराम लग जाएगा। जिंदगी आपके बिना कभी भी पहले जैसी नहीं रहेगी सतीश। ओम शांति।

सतीश कौशिक के निधन की खबर सुनने के बाद फिल्मी और गैर फिल्मी दुनिया के लोगों द्वारा उन्हें श्रद्धांजलि देने का सिलसिला शुरु कर दिया गया। यहां तक कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने भी उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए ट्वीट किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ट्वीट में लिखा कि महत्वपूर्ण फिल्म शख्सियत श्री सतीश कौशिक जी के असमय निधन पर मैं दुखी हूं। वह एक क्रिएटिव जीनियस थे जिन्होंने शानदार अभिनय और निर्देशन से लोगों का दिल जीता। उनका काम दर्शकों का लगातार मनोरंजन करता रहेगा। उनके परिवार और चाहने वालों के प्रति मैं सांतवना व्यक्त करता हूं। ओम शांति।

गृहमंत्री अमित शाह ने सतीश कौशिक को श्रद्धांजलि व्यक्त करते हुए अपने ट्वीट में लिखा है कि अभिनेता, निर्देशक और लेखक सतीश कौशिक जी के अचानक निधन से गहरा दुख हुआ है। भारतीय सिनेमा के प्रति उनके योगदान, कलात्मक सृजन और परफॉरमेन्स को हमेशा याद किया जाएगा। ओम शांति।

फिल्म अभिनेत्री कंगना रनावत ने भी सतीश कौशिक के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए ट्वीट करते हुए लिखा है कि इस भयानक खबर के साथ मेरी सुबह हुई। वह मेरे सबसे बड़े चियरलीडर थे। एक सफल अभिनेता और निर्देशक कौशिक जी बेहद दयालु और सच्चे इंसान हैं। उन्हें हमेशा याद किया जाएगा।

फिल्म अभिनेत्री नेहा धुपिया ने भी सतीश कौशिश को शिद्दत से याद करते हुए अपने ट्वीट में लिखा है कि सिनेमा के लिए शुक्रिया, जो हंसी आपने दी, उसके लिए शुक्रिया। आपकी आत्मा को शांति मिले। आपके परिवार को मेरा प्यार।

फिल्म निर्देशक मधुर भंडारकर ने अपने शोक संदेश में लिखा है कि मैंने अभिनेता निर्देशक सतीश कौशिक जी के निधन के बारे में सुनकर हैरान हूं। वह हमेशा ही उर्जावान रहते थे। उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। सतीश कौशिक के परिवार को मेरी सांत्वनाएं हैं।

फिल्म अभिनेता सलमान खान ने सतीश कौशिक के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा है कि उनको हमेशा प्यार किया और सम्मान किया और जैसे वह शख्स थे उसके लिए उन्हें हमेशा याद करता रहूंगा। ईश्वर उनकी आत्म को शांति और परिजनों को हिम्मत दे। फिल्म “तेरे नाम” में सतीश कौशिक ने सलमान खान को एक नये अंदाज में पेश किया था जिसे दर्शकों ने खूब पंसद किया था।