नई अभिनेत्रियों पर कैसे भारी पड़ रही हैं जीनत अमान?

मुंबई। गुजरे जमाने की स्टाइलिश फिल्म अदाकारा जीनत अमान इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय है और उनके पोस्ट को भी काफी पसंद किया जा रहा है। वह बिल्कुल अलग अंदाज में उन विषयों को टच कर रही हैं जिन पर अमूमन लोग खामोशी अख्तियार किए हुए रहते हैं, या फिर जिनकी तरफ लोगों का ध्यान नहीं जाता। अपने नए पोस्ट में उन्होंने सार्वजनिक जीवन से गुम हो रही गुजरे जमाने की सफल  उम्र दराज महिलाओं के बारे में लिखा है। उन्होंने कहा है कि उनकी समझ में नहीं आता कि उम्र दराज महिलाएं सार्वजनिक जीवन से दूरी क्यों बना लेती हैं जबकि वे अपने अनुभवों से दूसरों को समृद्ध कर सकती हैं।
उन्होंने यह भी कहा है कि पहले वह इस बात का ध्यान नहीं देती थी कि सार्वजनिक जीवन में उम्रदराज महिलाएं क्यों नहीं दिखती हैं। लेकिन अब जिंदगी के इस मोड़ पर, जब उनके बालों में सफेदी आ चुकी है, उन्हें एहसास हो रहा है कि सार्वजनिक जीवन में सफल उम्रदराज महिलाओं की काफी कमी दिखाई पड़ रही है।
उन्होंने अपने निजी जीवन में उन महिलाओं को भी याद किया है जिन्होंने उनके निर्माण में समय-समय पर महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है। इसमें उनकी मां भी शामिल हैं।
उनके इस पोस्ट को सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है। लोग अपनी प्रतिक्रियाओं में यहां तक कह रहे हैं कि जीनत अमान ने बहुत ही गौरवशाली तरीके से अपने निजी जिंदगी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली उम्रदराज महिलाओं को याद करते हुए उन सफल उम्रदराज महिलाओं को सार्वजनिक जीवन में सक्रिय होने के लिए प्रेरित किया है जो किसी कारणवश समाज से कतरा आ रही हैं।
‘हरे कृष्ण हरे रामा’,’ सत्यम शिवम सुंदरम’ ,’ हीरा पन्ना’, ‘डॉन’  आदि जैसी फिल्मों अपने ग्लैमरस लुक और अंदाज से कभी भारतीय दर्शकों का दिल जीतने वाली जीनत अमान ने अपनी तस्वीरें भी साझा की है। सफेद बाल के बावजूद उनके चेहरे पर ताजगी और आंखों में आत्मविश्वास की चमक है। उनके इस पोस्ट के बाद लोगों को लग रहा है कि गुजरे जमाने में सफलता की बुलंदियों को छूने वाली कुछ अन्य भारतीय अभिनेत्रियां भी सोशल मीडिया पर अपनी सक्रियता दर्ज कराएंगे। जिस तरह से जीवन जीनत अमान को लोग पसंद कर रहे हैं उससे तो यही लग रहा है कि लोकप्रियता के मामले में  उम्र के इस पड़ाव पर वह नई अभिनेत्रीयों पर भी भारी पड़ रही है।