पंकज त्रिपाठी के जीजा की सड़क हादसे में मौत

मुंबई। पंकज त्रिपाठी के जीजा की सड़क हादसे में मौत हो गई। यह दुर्घटना दिल्ली-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग-2 पर निरसा बाजार में शाम करीब 4.30 बजे हुई, जब जिस कार में पंकज त्रिपाठी की बहन और जीजा यात्रा कर रहे थे वह एक सड़क डिवाइडर से टकरा गई।

पुलिस ने बताया कि बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी के बहनोई राकेश तिवारी की शनिवार को यहां एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना में त्रिपाठी की बहन सबिता तिवारी घायल हो गईं।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना शाम करीब साढ़े चार बजे दिल्ली-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग-2 पर निरसा बाजार में हुई। जिस कार में दंपति यात्रा कर रहे थे वह एक सड़क डिवाइडर से टकरा गई। वे बिहार के गोपालगंज जिले से पश्चिम बंगाल जा रहे थे। अधिकारी ने कहा कि राकेश तिवारी को धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) में मृत घोषित कर दिया गया, जहां उन्हें दुर्घटना के बाद ले जाया गया था। एसएनएमएमसीएच के इमरजेंसी एचओडी डॉ. दिनेश कुमार गिंदौरिया ने कहा कि पंकज त्रिपाठी की बहन, जिनके पैर में फ्रैक्चर हुआ है, खतरे से बाहर हैं।