अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की आत्महत्या मामले में सहायक कलाकार समर सिंह गिरफ्तार

मुंबई। भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की आत्महत्या के मामले में यूपी पुलिस ने सहायक कलाकार समर सिंह को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। एफआईआर में अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मां ने समर सिंह पर बेटी को परेशान करने का आरोप लगाया था। इसके बाद से ही पुलिस समर सिंह की तलाश कर रही थी। समर सिंह को गाजियाबाद के राजनगर स्थित क्रिस्टल सोसायटी से गिरफ्तार किया गया।

गौरतलब है कि भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री आकांक्षा दुबे ने 26 मार्च को शूटिंग के दौरान ही वाराणसी के एक होटल में मृत पायी गई थी। प्रारंभिक जांच में कहा गया था कि यह सुसाइड का मामला है। लेकिन अभिनेत्री आकांक्षा दुबे को करीब से जानने वाले लोगों का कहना था कि वह सुसाइड नहीं कर सकती थी। उसकी मौत के पीछे जरूर कोई राज है। बाद में आकांक्षा दुबे की मां ने एफआईआर में को-स्टार समर सिंह और संजय सिंह पर अभिनेत्री आकांक्षा दुबे को लगातार परेशान करने का आरोप लगाया था। उनका कहना था कि उनकी बेटी आकांक्षा दुबे पिछले तीन साल से समर सिंह के साथ काम कर रही थी। इसके एवज में समर सिंह और संजय सिंह ने उन्हें एक पैसे भी नहीं दिये थे। इन दोनों पर उनकी बेटी के तकरीबन तीन करोड़ रुपये बकाया थे। जब भी वह पैसे मांगती तो उसे तरह तरह से प्रताड़ित किया जाता था।

उसके बाद से ही पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी के बाद समर सिंह का मेडिकल कराया जा रहा है। डीसीपी निपुण अग्रवाल ने बताया कि उसे ट्रांजिट रिमांड के लिए गाजियाबाद कोर्ट में पेश किया जा रहा है। इसके बाद उसे वाराणसी ले जाया जाएगा।