दर्शकों को भा रहा फिल्म “भोला” का गाना “आधा मैं आधी वो”

मुंबई। भारतीय फिल्म अभिनेता अजय देवगन अपनी फिल्म “भोला” के प्रमोशन में जोर शोर से लगे हुए हैं। भोला यात्रा को झंडी दिखा कर रवाना करने के बाद अब फिल्म का गाना “आधा मैं आधी वो” रिलीज किया गया है। इस गाने को बी प्राक ने गाया है और इसके लिरिक्स इरशाद कामिल ने लिख हैं। लोग इस गाने को पसंद कर रहे हैं।

गौरतलब है कि फिल्म “भोला” दक्षिण भारतीय फिल्म “ कैथी” की हिंदी रिमेक है। इस फिल्म में अजय देवगन एक कैदी की भूमिका निभा रहे हैं, जो जेल से लंबी सजा काटकर निकलने के बाद अपनी बेटी से मिलने जा रहा है। रास्ते में ड्रग्स माफिया पुलिस टीम की शराब में नशा मिलाकर उनके द्वारा जब्त की किये गये ड्रग्स को हासिल करने के लिए अपना पूरा जोर लगा देते हैं। इसी क्रम में पुलिस अधिकारी की मुलाकात कैदी से होती है और वह उसे एक ट्रक में बेहोश पड़े पुलिस के जवानों को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए बाध्य करता है।

इस फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने वाले अन्य कलाकारों में तब्बू, गजराज राव, दीपक डोबरियाल प्रमुख हैं। गाने में फिल्माये गये दृश्यों को देखकर लग रहा है कि इस फिल्म में पुलिस अधिकारी की भूमिका तब्बू निभा रही है। गाने के दौरान दोनों के बीच कुछ इमोशनल संवाद भी हैं।

दीपक डोबरियाल लंबे समय तक दिल्ली के रंगमंच से जुड़े रहे हैं। मुंबई में आने के बाद पहले उन्होंने कुछ टीवी सीरियल में काम किया फिर निर्देशक विशाल भारद्वाज के कैंप में शामिल हो गये। अजय देवगन के साथ उन्होंने फिल्म “ओंकारा” में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। अपने रियलिस्टिक टच वाले अभिनय से उन्होंने बहुत ही कम समय में भारतीय फिल्म उद्योग में एक मजबूत पहचान बनाई है। अब यह देखना रोचक होगा कि इस फिल्म में अजय देवगन के साथ क्या करते नजर आते हैं। फिल्म “भोला” 30 मार्च को सिनेमा घरों में रिलीज हो रही है।