सलमान खान को क्यों दी जा रही है बार-बार जान से मारने की धमकी?

मुंबई। फिल्म अभिनेता सलमान खान एक और अपनी आने वाली फिल्म ‘किसी का भाई किसी की जान’ की प्रमोशन की तैयारी कर रहे हैं तो दूसरी तरफ उन्हें बार-बार जान से मारने की धमकियां मिल रही है। खुद को रॉकी भाई बताने वाले एक शख्स ने मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम को फोन करके सलमान खान को नसीब जान से मारने की धमकी दी बल्कि मारने की तारीख भी बताया। उसने मुंबई पुलिस को कहा है कि वह 30 अप्रैल को सलमान खान को मार डालेगा। उसने अपना नाम रॉकी भाई बताया है और खुद को गोरक्षक घोषित किया है। सलमान खान को लगातार मिल रही धमकी से उनके परिवार वाले तो चिंतित हैं ही मुंबई पुलिस के भी कान अब खड़े हो गए हैं। मुंबई पुलिस इस धमकी को गंभीरता से ले रही है और फोन पर धमकी देने वाले इस शख्स तक पहुंचने की पुरजोर कोशिश कर रही है। उस शख्स ने दावा किया है कि वह राजस्थान का रहने वाला है। सलमान खान को दी गई इस धमकी की जानकारी खुद मुंबई पुलिस ने दी है।
उधर सलमान खान के मैनेजर जॉर्डी पटेल ने बांद्रा पुलिस स्टेशन में एक शिकायत दर्ज कराई है जिसमें कहा गया है कि शनिवार को एक मेल के जरिए सलमान खान को जान से मारने की धमकी दी गई है। मेल में गैंगस्टर गोल्डी बरार का जिक्र किया गया है। कहा गया है कि गोल्डी भाई को सलमान खान से बात करनी है और वह चाहते हैं कि मामले को सेटल कर दिया जाए। यदि ऐसा नहीं हुआ तो अगली बार मेल नहीं बल्कि झटका मिलेगा।
सलमान खान को जान से मारने की धमकी देने के मामले में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई, गोल्डी बराड़ और रोहित बरार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले पंजाबी सिंगर सिद्दू मूसेवाला की गोली मारकर के हत्या कर दी गई थी। इस  वारदात में लॉरेन बिश्नोई और गोल्डी बराड़ का नाम सामने आया था। इसके बाद लॉरेंस बिश्नोई ने सलमान खान को भी जान से मारने की धमकी दी थी।
बहरहाल, सलमान खान को लगातार मिल रही जान से मारने की धमकी के बाद उनके घरवाले काफी चिंतित हैं।
उनके घर वालों ने सलमान खान को बेवजह घर से बाहर ना निकलने की सलाह दी है। इस तरह की धमकी को लेकर के पहले सलमान खान चिंतित नहीं थे, लेकिन अब वह भी इन धमकियों को गंभीरता से ले रहे हैं। जानकारी के मुताबिक उन्होंने अपने लिए एक बुलेट प्रूफ गाड़ी की व्यवस्था भी कर ली है। लेकिन महत्वपूर्ण सवाल यह है कि सलमान खान को बार-बार जान से मारने की धमकी क्यों मिल रही है? क्या एक बार फिर अंडरवर्ल्ड के लोग मुंबई फिल्म नगरी को अपने इशारे पर नचाने की कोशिश कर रहे हैं? मुंबई पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है, साथ ही सलमान खान की सुरक्षा को लेकर के भी पुख्ता व्यवस्था करने की योजना बना रही है।