सामाजिक मुद्दों वाले प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बनकर क्यों खुश हैं सिकंदर खेर ?

मुंबई। सिकंदर खेर के पास इस साल कुछ दिलचस्प फिल्में हैं। ‘दुकान’ और ‘चिड़िया उड़’ कुछ ऐसे प्रोजेक्टस भी है जो सामाजिक संदेश दे रहे हैं। इसका हिस्सा बनकर सिकंदर बेहद खुश हैं। उदाहरण के लिए, ‘दुकान’ सरोगेसी की थीम पर है, और सिकंदर इसमें मध्यम वर्ग की पृष्ठभूमि वाले एक गुजराती दुकानदार की भूमिका निभाते नज़र आएंगे। यह सिद्धार्थ सिंह और गरिमा बहल के निर्देशन की पहली फिल्म है, जो ‘गोलियों की रासलीला: राम-लीला’ और ‘टॉयलेट: एक प्रेम कथा’ जैसी फिल्मों की पटकथा लिखने के लिए जाने जाते हैं।

वेब सिरीज़ ‘चिड़िया उड़’ एमएक्स प्लेयर पर आने वाली है। यह मानव तस्करी के बारे में है। इसमें सिकंदर एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए दिखाई देंगे। इस शो में जैकी श्रॉफ, स्लमडॉग मिलियनेयर स्टार मधुर मित्तल के साथ-साथ रवि कोठारी, गोपाल के सिंह और धीरज देव भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। इस नई सिरीज़ का निर्माण हरमन बवेजा और विक्की द्वारा किया जा रहा है। इसके निर्देशक मराठी निर्देशक रवि जाधव हैं।

सिकंदर कहते हैं, ‘चिड़िया उड़’ और ‘दुकान’ दोनों ही दो अलग-अलग सामाजिक कारणों पर आधारित हैं, लेकिन ये हार्ड हिटिंग हैं। सामाजिक संदेशों वाली कहानियों का हिस्सा बनना अच्छा है। हम अखबारों में इन कहानियों के बारे में पढ़ते हैं, लोग उनके बारे में बात करते हैं और इन कहानियों के पीछे प्रेरणा वे वास्तविक जीवन के लोग हैं जो बहुत कुछ सह चुके हैं।”

इसके अलावा, सिकंदर ने आर्या के सीज़न 3 की शूटिंग शुरू कर दी है, जहां वह तीसरी बार दौलत के किरदार को निभाते हुए दिखाई देंगे।