लाल किला और ताज महल को क्यों नहीं जमीनदोज कर दिया जाता है- नसीरुद्दीन शाह

मुंबई। भारतीय फिल्म अभिनेता नसीरुद्दीन शाह अपनी बेबाकी के लिए जाने जाते हैं। यही वजह है कि उन्हें आलोचनाओं का भी सामना करना पड़ता है। हालांकि आलाचनाओं से डरने के बजाये वह अपने आलोचकों को मुंहतोड़ जवाब देना ज्यादा मुनासिब समझते हैं। यही वजह है कि उनकी नई वेब सीरिज “ताज : डिवाइडेड बाय ब्लड” (Taj: Divided By Blood) निभाये गये उनके अकबर के किरदार को लेकर कानाफुसी होने लगी तो उन्होंने कानाफुसी करने वाले लोगों को आईना दिखाने से भी गुरेज नहीं किया।

भारत में इन दिनों इतिहास को नये सिरे गढ़ने की कवायद चल रही है, और इस कवायद में सोशल मीडिया महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इसी क्रम में मुगलों के इतिहास पर भी प्रश्नचिन्ह लगाये जा रहे हैं। यहां तक कि मुगलों के किरदार पर बनने वाले धारावाहिकों को भी शक की नजर देखा जा रहा है। ऐसे लोगों को करारा जवाब देते हुए एक अंग्रेजी अखबार को दिये गये अपने साक्षात्कार में नसीरुद्दीन शाह ने कहा है कि यदि भारत के साथ मुगलों ने बुरा किया है तो लाल किला और ताज महल जैसी इमारतों को क्यों नहीं जमीनदोज कर दिया जाता है। वह यहीं पर नहीं रूके। यहां की वर्तमान हालात पर तंज करते हुये उन्होंने यहां तक कह दिया कि देश में स्वस्थ्य बहस के लिए अब कोई जगह नहीं है।

अपने साक्षात्कार में नसीरुद्दीन शाह ने लोगों के इतिहास की समझ पर भी सवाल उठाते हुए कहा है कि जहां लोगों को इतिहास के बारे में सही जानकारी नहीं होती वहां नफरत और गलत जानकारी का साम्राज्य कायम हो जाता है। शायद यही वजह है कि देश का एक वर्ग मुगल साम्राज्य को दोषी करार दे रहा है। मुझे उन पर गुस्सा नहीं बल्कि हंसी आती है।

भारत में एक वर्ग मुगलों को लगातार आक्रांता करार देता आ रहा है। ऐसे लोगों को जवाब देते हुए नसीरुद्दीन शाह ने कहा है कि जिन लोगों को बर्बर आक्रमणकारी तैमूर और अकबर के बीच का फर्क पता नहीं है वे मुगलों पर सवाल उठाते हैं। वे कहते हैं कि मुगल इस देश को लुटने के लिए आये थे। उन्हें पता होना चाहिए कि मुगल भारत को लुटने के लिए बल्कि इसे अपना घर बनाने के लिए यहां आये थे, और उन्होंने ऐसा ही किया।

वेब सीरिज “ताज : डिवाइडेड बाय ब्लड” (Taj: Divided By Blood) मुगल सम्राज अकबर और उनके उत्तराधिकार को लेकर उनके तीन बेटों सलीम, मुराद और दानियाल के बीच जंग पर आधारित है। इसके साथ ही इसमें मुगल साम्राज्य के उत्थान और पतन को भी बखूबी उकेरा गया है। यह वेब सीरिज 3 मार्च को जी 5 पर रिलीज होने वाली है।